नेरवा घोषणाओं पर भाजपा की चुनाव आयोग से शिकायत

rakesh nandan

28/05/2026

भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने पंचायती राज चुनावों के दौरान लागू आदर्श चुनाव आचार संहिता के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा नेरवा दौरे के दौरान की गई वित्तीय घोषणाओं को लेकर हिमाचल प्रदेश चुनाव आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है।

भाजपा के मीडिया संयोजक कर्ण नंदा द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजे गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में प्रदेश में पंचायती राज चुनावों के चलते आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने 27 मई 2026 को अपने नेरवा दौरे के दौरान सार्वजनिक मंच से नई वित्तीय घोषणाएं कीं, जो आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन प्रतीत होती हैं।

शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि मीडिया में प्रकाशित समाचारों और सार्वजनिक बयानों के अनुसार मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नेरवा के दौरे के दौरान विद्यालय के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से नए स्कूल भवन के निर्माण की घोषणा की। इसके अतिरिक्त विद्यालय से संबंधित अन्य सुविधाओं और विकास कार्यों के आश्वासन भी दिए गए।

भाजपा ने आरोप लगाया है कि चुनाव प्रक्रिया जारी रहने और आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद नई वित्तीय घोषणाएं करना तथा सरकारी संसाधनों के माध्यम से मतदाताओं को प्रभावित करने वाले वक्तव्य देना निर्वाचन नियमों की भावना के विपरीत है।

कर्ण नंदा ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा और घोषणाएं चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास प्रतीत होती हैं। भाजपा ने चुनाव आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

भाजपा ने शिकायत के साथ संबंधित समाचार पत्र में प्रकाशित रिपोर्ट की प्रति भी चुनाव आयोग को उपलब्ध करवाई है।