पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन पूरे दिन सक्रिय रहा। मतदान प्रक्रिया के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार तथा अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने विभिन्न मतदान केंद्रों और मॉडल पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया एवं मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त राहुल कुमार ने झंडूता विकास खंड के अंतर्गत स्थापित गालियां और बरठीं मॉडल पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मॉडल पोलिंग स्टेशनों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, स्वास्थ्य जांच सुविधा, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और बच्चों के लिए क्रेच जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं, ताकि मतदाता सहज वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं से भी बातचीत की। मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और शांतिपूर्ण वातावरण पर संतोष व्यक्त किया।
इसके बाद उपायुक्त ने चांदपुर, बरठीं और ओहर मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंधों और मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदान और मतगणना प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता, पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखा जाए।
राहुल कुमार ने स्पष्ट कहा कि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।