बिलासपुर में शतायु मतदाताओं ने किया मतदान

rakesh nandan

28/05/2026

जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव में शतायु मतदाताओं ने मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के प्रति अपनी मजबूत आस्था का परिचय दिया। जीवन का शतक पार कर चुके बुजुर्ग मतदाताओं के उत्साह और जज्बे ने लोगों को प्रेरित किया।

जिले में दूसरे चरण के मतदान के दौरान ग्राम पंचायत कसारू की 108 वर्षीय रूपा देवी, दकडी पंचायत की 107 वर्षीय मनभरू देवी, हरनोडा के 106 वर्षीय संतराम तथा ग्राम पंचायत बल्हसीणा की 100 वर्षीय नरैण देई ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

इसके अलावा जुखाला के नलवाड़ मतदान केंद्र में एक वरिष्ठ नागरिक बीमारी की अवस्था में ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ मतदान करने पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों के बावजूद मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने शतायु और अस्वस्थ वृद्ध मतदाताओं के इस उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में इनकी भागीदारी समाज के लिए प्रेरणादायक है और युवाओं को मतदान के महत्व का संदेश देती है।

उन्होंने कहा कि बुजुर्ग मतदाताओं का यह जज्बा लोकतंत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है और अन्य मतदाताओं को भी शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करता है।