अजय सोलंकी ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को दी बधाई

rakesh nandan

28/05/2026

नाहन विधानसभा क्षेत्र की पालियों पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान जग्गो देवी, उपप्रधान नवीन कुमार और वार्ड सदस्यों ने विधायक Ajay Solanki से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उन्हें जीत की बधाई और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

अजय सोलंकी ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जहां जनता विकास और विश्वास के आधार पर अपने प्रतिनिधियों का चयन करती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पंचायत चुनावों को राजनीतिक रंग देकर झूठे आंकड़े पेश करने और निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपना समर्थक बताने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस इस प्रकार की राजनीति में विश्वास नहीं रखती।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जिला परिषद सदस्यों को छोड़कर पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हुई है। कांग्रेस का उद्देश्य केवल विकास, जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है।

विधायक ने आरोप लगाया कि कई नवनिर्वाचित प्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों ने उनसे संपर्क कर बताया है कि भाजपा कार्यकर्ता जबरदस्ती उन्हें अपना समर्थक बताने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को राजनीतिक दबाव और दिखावे की राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए।

अजय सोलंकी ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों से बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के पंचायतों के विकास के लिए कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया है और सभी को मिलकर क्षेत्र और समाज को आगे बढ़ाने में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने चुनाव जीतने वाले सभी प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए चुनाव हारने वाले उम्मीदवारों से भी लोकतंत्र की भावना को मजबूत करने और पंचायत हित में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।