ऊना में 669 मतदान बूथ संवेदनशील और अति संवेदनशील घोषित

rakesh nandan

25/05/2026

पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 के तहत जिला ऊना में चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिला प्रशासन ने कुल 669 मतदान बूथों को संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया है।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला पंचायत अधिकारी ऊना श्रवण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला की 249 ग्राम पंचायतों में से 244 ग्राम पंचायतों, 5 पंचायत समितियों के 109 में से 107 वार्डों और 17 जिला परिषद वार्डों के लिए तीन चरणों में मतदान करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 391 मतदान बूथों को संवेदनशील और 278 बूथों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। इन मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल और निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है।

श्रवण कुमार के अनुसार विकास खंड अंब में कुल 151 मतदान बूथों में से 93 संवेदनशील और 58 अति संवेदनशील हैं। विकास खंड बंगाणा में 53 बूथों में से 46 संवेदनशील और 7 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं।

इसी प्रकार गगरेट विकास खंड में 181 मतदान बूथों में से 114 संवेदनशील और 67 अति संवेदनशील हैं। हरोली विकास खंड में 118 बूथों में से 56 संवेदनशील और 62 अति संवेदनशील तथा ऊना विकास खंड में 166 बूथों में से 82 संवेदनशील और 84 अति संवेदनशील मतदान बूथ चिन्हित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में 138 मतदान बूथ संवेदनशील और 89 अति संवेदनशील रहेंगे। दूसरे चरण में 146 बूथ संवेदनशील और 101 अति संवेदनशील, जबकि तीसरे और अंतिम चरण में 107 बूथ संवेदनशील और 88 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं।

मतगणना केंद्रों को लेकर भी प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती है। जिला में कुल 101 मतगणना केंद्रों को संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इनमें 64 केंद्र संवेदनशील और 37 अति संवेदनशील हैं। इसके अलावा जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए बनाए गए 5 मतगणना केंद्रों को भी संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।

प्रथम चरण में 22 मतगणना केंद्र संवेदनशील और 11 अति संवेदनशील रहेंगे। द्वितीय चरण में 23 संवेदनशील और 14 अति संवेदनशील केंद्र तथा तृतीय चरण में 19 संवेदनशील और 12 अति संवेदनशील मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।

श्रवण कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान एवं मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाना है।