विकास खंड ऊना में पंचायतीराज संस्थाओं के सामान्य चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले चरण के मतदान के लिए मंगलवार को 116 पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री के साथ उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया।
एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि विकास खंड ऊना की 18 पंचायतों में मंगलवार को सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित पंचायतों में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि उपमंडल ऊना के अंतर्गत चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए 116 पोलिंग पार्टियों में कुल 464 अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा चुनावी प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय के लिए 8 सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।
एसडीएम ने बताया कि मतदान और मतगणना केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 130 पुलिस और होमगार्ड जवानों को तैनात किया गया है। प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए हैं।
उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की 23 बसों को भी लगाया गया है। इन बसों के माध्यम से पोलिंग पार्टियों और चुनाव सामग्री को संबंधित मतदान केंद्रों तक पहुंचाया गया।
उपमंडल ऊना में पहले चरण के तहत कुल 18 पंचायतों में मतदान होगा। इनमें देहलां अप्पर, बनगढ़, टक्का, सनोली, जखेड़ा, नंगड़ा, डंगोली, बसाल अप्पर, बसाल लोअर, ठाकुरद्वारा, बरनोह, डंगेहड़ा, फतेहपुर, अवादा वराना, सुनेहरा, बड़साला, जनकौर और लम्लेहड़ा पंचायतें शामिल हैं।
प्रशासन ने सभी मतदान कर्मियों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने और मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के निर्देश दिए हैं। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
एसडीएम अभिषेक मित्तल ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के मतदान करें और चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग दें।
इस अवसर पर बीडीओ ऊना रमनबीर चौहान, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।