The Tribune Edu Expo Shimla 2026 का आयोजन 20 और 21 मई 2026 को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान और मॉल रोड पर किया जा रहा है। दो दिवसीय शिक्षा एवं करियर मार्गदर्शन मेले का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री Rohit Thakur ने किया। यह एक्सपो प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होगा।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के एजुकेशन एक्सपो विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज का दौर तकनीक, डिजिटल शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है, ऐसे में छात्रों को कौशल आधारित और रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करना समय की आवश्यकता बन चुका है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश और देश के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्लेटफॉर्म छात्रों को यह समझने में मदद करते हैं कि भविष्य में कौन से कोर्स और करियर विकल्प बेहतर अवसर प्रदान कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा के बाद विद्यार्थियों के सामने करियर चयन को लेकर कई चुनौतियां होती हैं। ऐसे में एजु एक्सपो जैसे आयोजन छात्रों और अभिभावकों को उच्च शिक्षा, प्रोफेशनल कोर्स, नई तकनीकों और रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाते हैं।
कार्यक्रम में देश के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों ने भाग लिया। इनमें Chitkara University, Amity University Punjab, Chandigarh University, Shoolini University, CGC Landran, Aryans Group of Colleges, Bahra University, Graphic Era University, ICFAI University तथा Maharishi Markandeshwar University सहित कई प्रमुख संस्थान शामिल हैं।
इन संस्थानों के प्रतिनिधि छात्रों और अभिभावकों को विभिन्न कोर्स, प्रवेश प्रक्रिया, स्कॉलरशिप, प्लेसमेंट और करियर संभावनाओं के बारे में जानकारी दे रहे हैं। आयोजन में करियर काउंसलिंग विशेषज्ञ भी मौजूद हैं, जो विद्यार्थियों को उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार सही करियर चुनने में मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि डिजिटल और एआई आधारित शिक्षा के दौर में विद्यार्थियों को केवल डिग्री नहीं, बल्कि स्किल आधारित शिक्षा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत भी विद्यार्थियों को व्यावहारिक और रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं और 12वीं में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले लगभग 150 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में गरिमा, अनमोल ठाकुर, मानवी, भानवी शर्मा, सृष्टि वर्मा, मानविका पंवर, राशेल, जाह्नवी, मनीषा कुमारी, अंजली, सायना, स्मृति, भ्रनीत कौर, वंशिका, रिधिमा डोगरा, अदिति, अप्सरा चौहान, शायशा, सानवी सूद, शिवम ठाकुर, अवनी शर्मा और पायल सहित कई छात्र शामिल रहे।
आयोजकों ने बताया कि यह एजु एक्सपो विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक अवसरों को समझने, विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और अपने भविष्य की दिशा तय करने में मदद करेगा। कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।
इस अवसर पर निदेशक उच्च शिक्षा Dr Harish Sharma, द ट्रिब्यून के महाप्रबंधक Amit Sharma सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।