श्रीकांत शर्मा ने पालमपुर नगर निगम चुनाव के तहत आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार अपनी विश्वसनीयता पूरी तरह खो चुकी है और प्रदेश की जनता का विश्वास सरकार से उठ गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान जो गारंटियां दी थीं, वे पूरी तरह विफल साबित हुई हैं और जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार की वास्तविकता समझ चुकी है और आगामी नगर निगम चुनावों में कमल के फूल का बटन दबाकर कांग्रेस को जवाब देगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम जनता से किए गए वादों को पूरा करने के बजाय केवल झूठे आश्वासन दिए हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी पालमपुर नगर निगम के लिए स्पष्ट विकास दृष्टि और ठोस संकल्प लेकर जनता के बीच पहुंची है। उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में ट्रैफिक, पार्किंग, स्वच्छता, महिला सुरक्षा, पर्यटन और आधुनिक शहरी सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने बताया कि भाजपा नगर निगम चुनाव जीतने के बाद पूरे क्षेत्र का एरियल सैटेलाइट सर्वे करवाकर ट्रैफिक, पार्किंग और अन्य समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए मास्टर प्लान तैयार करेगी।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि केंद्र की भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से पालमपुर के लिए 5000 करोड़ रुपये के बड़े विकासात्मक मास्टर प्लान पर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए अंडरपास, पुल और फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। प्रत्येक वार्ड में आधुनिक पार्किंग व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि पार्टी पालमपुर को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करेगी। महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रत्येक वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि युवाओं और बच्चों के लिए ओपन जिम और चिल्ड्रन पार्क विकसित किए जाएंगे, जबकि बुजुर्गों के लिए विशेष पार्क बनाए जाएंगे।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि पालमपुर को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जाएगा। टैक्सी चालकों, व्यापारियों और होटल संचालकों के सहयोग से पर्यटन सर्किट तैयार किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि पालमपुर के चारों प्रवेश द्वारों को शहीदों के नाम पर विकसित किया जाएगा तथा वीरभूमि पालमपुर में शहीद स्मारक का निर्माण भी किया जाएगा।
अंत में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी के संकल्प पत्र और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा नगर निगम चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया।