भाजपा ने सोलन में चार कार्यकर्ताओं की सदस्यता निलंबित की

rakesh nandan

10/05/2026

भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने नगर निगम सोलन चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों के लिए गठित अनुशासन समिति ने जिला और मंडल स्तर से प्राप्त शिकायतों पर गंभीर विचार-विमर्श करने के बाद इन मामलों को अनुशासनहीनता का गंभीर विषय माना।

अनुशासन समिति की अनुशंसा के आधार पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पार्टी संविधान के तहत कार्रवाई करते हुए नगर निगम सोलन के चार कार्यकर्ताओं की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वार्ड नंबर-3 से मंडल सह-प्रभारी आईटी विभाग गौरव राजपूत तथा महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रजनी राजपूत के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

इसके अतिरिक्त वार्ड नंबर-7 से रामपाल और मुकेश वर्मा की प्राथमिक सदस्यता भी निलंबित की गई है।

भाजपा ने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन, विचारधारा और अनुशासन के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ना या पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होना संगठनात्मक मर्यादाओं का उल्लंघन है।

पार्टी नेतृत्व ने कहा कि भाजपा ऐसे मामलों में “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर कार्य कर रही है और संगठन हित सर्वोपरि है।

भाजपा ने कहा कि पार्टी एक अनुशासित और कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर संगठन के हितों को महत्व दिया जाता है।

पार्टी नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक निर्णयों का सम्मान करने और नगर निगम चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

भाजपा ने विश्वास जताया कि सोलन की जनता विकास, पारदर्शिता और मजबूत नेतृत्व के पक्ष में मतदान करेगी तथा नगर निगम चुनावों में पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।