सिरमौर में आउटसोर्स कर्मियों का वेतन को लेकर रोष

rakesh nandan

20/05/2026

जिला सिरमौर में बिजली बोर्ड के अधीन आउटसोर्स आधार पर कार्यरत सैकड़ों कर्मियों को समय पर वेतन न मिलने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार वेतन में देरी से नाराज कर्मियों ने बुधवार को नाहन में बोर्ड के अधीशासी अभियंता के समक्ष अपनी समस्या उठाई और जल्द भुगतान की मांग की।

कर्मियों की ओर से यूनियन अध्यक्ष Vikram ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कर्मचारियों को हर महीने समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। वेतन में देरी के कारण परिवार चलाने, बच्चों की फीस जमा करने और रोजमर्रा के खर्च पूरे करने में दिक्कतें आ रही हैं।

उन्होंने बताया कि जिन कर्मचारियों पर ऋण या अन्य किस्तों का बोझ है, उन्हें अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है। समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण बैंक की किस्तें भी समय पर जमा नहीं हो पा रही हैं, जिससे विलंब शुल्क देना पड़ रहा है।

यूनियन अध्यक्ष ने कहा कि जिला सिरमौर में 86 बिल वितरक और करीब 100 कर्मचारी मेंटेनेंस कार्यों में आउटसोर्स आधार पर सेवाएं दे रहे हैं। ये कर्मचारी दिन-रात बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने में लगे रहते हैं, बावजूद इसके उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा।

कर्मियों ने मांग उठाई कि हर महीने के पहले सप्ताह में वेतन जारी किया जाए और संबंधित एजेंसी समय पर बिल पास करे, ताकि कर्मचारियों को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।