पांवटा में 214 ग्राम चरस संग दो आरोपी गिरफ्तार

rakesh nandan

20/05/2026

जिला सिरमौर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने पांवटा साहिब क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 214 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम रात के समय रामपुरघाट स्थित शराब ठेके के पास गश्त और निगरानी पर तैनात थी। इसी दौरान गुप्त सूत्र से सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल नंबर UP31CC2151 पर सवार दो व्यक्ति गोन्दपुर से रामपुरघाट की ओर भारी मात्रा में चरस लेकर आ रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रामपुरघाट शराब ठेके के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद बताए गए नंबर की मोटरसाइकिल वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोक लिया।

पूछताछ के दौरान बाइक चालक ने अपनी पहचान उबेद पुत्र सहीद निवासी पश्चिमी लकपेड़ा, तहसील मोहम्मदी, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। उसकी उम्र 22 वर्ष बताई गई है। वहीं बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अपना नाम असलम पुत्र इसरार निवासी मोहल्ला घुटैयाबाद, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश बताया। उसकी उम्र 26 वर्ष है।

पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर हैंडल में छिपाए गए एक लिफाफे से बत्ती के आकार की 214 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

इस संबंध में पुलिस थाना पुरुवाला में आरोपियों के खिलाफ धारा 20, 29, 61 और 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पांवटा साहिब में सड़क हादसे में एक व्यक्ति घायल

उधर, पांवटा साहिब में एक सड़क हादसे में स्कूटी चालक घायल हो गया। शिकायतकर्ता राहुल शर्मा निवासी गांव बाग हावड़ा, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

शिकायत के अनुसार, 19 मई 2026 को वह अपने पेट्रोल पंप से कमरे की ओर जा रहा था। जब वह साहिबजादा अजीत सिंह चौक के पास पहुंचा तो उसने देखा कि रैनबैक्सी चौक की ओर से आ रहे एक ट्राले ने स्कूटी चालक को ओवरटेक करते समय टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

घायल स्कूटी चालक की पहचान योगराज वालिया के रूप में हुई, जो शिकायतकर्ता के पेट्रोल पंप पर कैशियर के तौर पर कार्यरत हैं। उनकी स्कूटी का नंबर HP17C-2156 बताया गया है।

घटना के बाद मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें ट्राले का नंबर HR38AJ-8419 सामने आया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।