मुख्यमंत्री एकल आवास योजना से मनजीत कौर का सपना हुआ साकार

rakesh nandan

02/06/2026

जिला ऊना के विकास खंड हरोली की ग्राम पंचायत सलोह निवासी 48 वर्षीय मनजीत कौर के जीवन में अब एक नई उम्मीद ने जन्म लिया है। बरसात के मौसम में कच्चे मकान की टपकती छत के नीचे परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता में रातें बिताने वाली मनजीत कौर का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना अब धीरे-धीरे साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री एकल आवास योजना के तहत मिली वित्तीय सहायता ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव की नई कहानी लिखी है।

मनजीत कौर बताती हैं कि करीब आठ वर्ष पहले उनके पति का निधन हो गया था। इसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। दो बेटों की परवरिश, उनकी पढ़ाई और घरेलू खर्चों की व्यवस्था करना उनके लिए एक बड़ी चुनौती बन गया। सीमित आय और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मनरेगा तथा दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण किया।

आर्थिक तंगी के कारण परिवार लंबे समय तक एक कच्चे मकान में रहने को मजबूर रहा। विशेष रूप से बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बारिश की रातें चिंता और असुरक्षा में गुजरती थीं। ऐसे हालात में पक्का मकान बनाना उनके लिए एक ऐसा सपना था, जो आर्थिक स्थिति के कारण पूरा होता नजर नहीं आता था।

मनजीत कौर ने बताया कि मनरेगा में कार्य करने के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि 90 दिन या उससे अधिक कार्य करने वाले श्रमिक हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण के पात्र होते हैं। उन्होंने भी निर्धारित अवधि से अधिक कार्य किया था, जिसके बाद उन्होंने बोर्ड में अपना पंजीकरण करवाया।

पंजीकरण के बाद उन्हें मुख्यमंत्री एकल नारी आवास योजना के तहत सहायता के लिए पात्र पाया गया। योजना के अंतर्गत उन्हें आवास निर्माण के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई। इसके बाद उनके सपनों का घर बनने की प्रक्रिया शुरू हो गई।

मनजीत कौर को मकान निर्माण के लिए अब तक एक लाख रुपये की पहली किस्त प्राप्त हो चुकी है। वर्तमान में उनके नए घर का निर्माण कार्य जारी है और मकान का लेंटर डालने का कार्य प्रगति पर है। निर्माण के अगले चरण में उन्हें एक लाख रुपये की दूसरी किस्त मिलेगी। इसके अलावा मकान निर्माण पूर्ण होने पर 50-50 हजार रुपये की दो अतिरिक्त किस्तें भी प्रदान की जाएंगी। इस प्रकार चरणबद्ध तरीके से मिलने वाली सहायता उनके घर निर्माण कार्य को निरंतर गति दे रही है।

मनजीत कौर का कहना है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं ने उनके जैसे जरूरतमंद परिवारों को नई उम्मीद दी है। उन्होंने कहा कि जिस पक्के घर की कल्पना कभी असंभव लगती थी, आज वह उनके सामने आकार ले रहा है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार और संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया।

जिला श्रम कल्याण अधिकारी अमन शर्मा के अनुसार जिला ऊना में श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 1,166 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 6.26 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह सहायता शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सुरक्षा, विवाह सहायता और आवास निर्माण जैसी योजनाओं के माध्यम से दी गई है।

हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। पात्र श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए जागरूकता और पंजीकरण अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

वहीं बोर्ड के सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव कुमार ने कहा कि सरकार श्रमिक वर्ग को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आवास, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाएं श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान कर रही हैं।