पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण में वीरवार को जिला हमीरपुर की 82 ग्राम पंचायतों में लगभग 74.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान को लेकर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और विभिन्न मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं।
इन पंचायतों में प्रधान एवं उपप्रधान के 82-82 पदों, पंचायत वार्ड सदस्यों के 466 पदों तथा जिला परिषद और बीडीसी सदस्यों के निर्वाचन के लिए सुबह 7 बजे मतदान प्रक्रिया आरंभ हुई।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि कुल 1,25,768 मतदाताओं में से 94,245 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 51,423 महिला और 42,822 पुरुष मतदाता शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि पहले दो घंटे में 20.88 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। सुबह 11 बजे तक मतदान प्रतिशत 43.63 तक पहुंच गया, जबकि दोपहर 1 बजे तक 62.46 प्रतिशत मतदान हो चुका था। मतदान समाप्ति तक यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 74.94 प्रतिशत तक पहुंच गया।
ब्लॉकवार मतदान प्रतिशत की बात करें तो नादौन ब्लॉक की 21 पंचायतों के 115 बूथों में 76.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बिझड़ी ब्लॉक की 17 पंचायतों के 99 बूथों में 72.55 प्रतिशत, बमसन ब्लॉक की 8 पंचायतों के 42 बूथों में 74.98 प्रतिशत, भोरंज ब्लॉक की 15 पंचायतों के 91 बूथों में 75.06 प्रतिशत तथा हमीरपुर ब्लॉक की 13 पंचायतों के 75 बूथों में 76.94 प्रतिशत मतदान हुआ।
वहीं सुजानपुर ब्लॉक की 8 पंचायतों के 44 बूथों में 73.49 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए व्यापक प्रबंध किए थे।