विकासखंड सदर बिलासपुर के अंतर्गत पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव-2026 के लिए जिला परिषद और पंचायत समिति के मतपत्रों की मतगणना को लेकर किसान भवन बिलासपुर में रिहर्सल आयोजित की गई। इस रिहर्सल की अध्यक्षता एसडीएम डॉ. राजदीप सिंह ने की।
रिहर्सल में लगभग 130 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य मतगणना प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करवाने के लिए कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर विकास खंड अधिकारी सदर विजय कुमार तथा जिला अंकेक्षण अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (प्रशिक्षण) विश्वनाथ शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को मतगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मतपत्रों की गिनती, रिकॉर्ड संधारण तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन से संबंधित आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
एसडीएम डॉ. राजदीप सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों से निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया में पूरी सतर्कता और अनुशासन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।