जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के द्वितीय चरण के चुनाव में 90 ग्राम पंचायतों के 538 वार्डों के लिए हुए मतदान में कुल 85.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान में पुरुषों और महिलाओं दोनों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दूसरे चरण के चुनाव में कुल 1,25,673 मतदाताओं में से 1,07,023 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 85.12 प्रतिशत पुरुष मतदाता तथा 85.21 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल रहीं।
उन्होंने बताया कि विकास खंड नाहन की 9 पंचायतों में 86.27 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जबकि ददाहू की 9 पंचायतों में 85.67 प्रतिशत मतदान हुआ। कमरऊ स्थित तिलोरधार की 8 पंचायतों में सबसे अधिक 89.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इसके अलावा पच्छाद की 12 पंचायतों में 82.3 प्रतिशत, पांवटा साहिब की 16 पंचायतों में 84.42 प्रतिशत, राजगढ़ की 11 पंचायतों में 86.92 प्रतिशत, संगड़ाह की 13 पंचायतों में 86.17 प्रतिशत तथा शिलाई की 12 पंचायतों में 82.89 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
उपायुक्त ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं ने भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
उन्होंने मतदान में रुचि दिखाने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान देने के लिए सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।