हमीरपुर में 25 मई को समाधान समारोह बैठक

rakesh nandan

20/05/2026

Kuldeep Sharma ने बताया कि आम लोगों के लिए न्याय को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय द्वारा “समाधान समारोह 2026” अभियान शुरू किया गया है। इस विशेष पहल का शुभारंभ 21 अप्रैल 2026 से सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत विभिन्न मामलों का निपटारा आपसी सहमति, संवाद और मध्यस्थता के माध्यम से किया जा रहा है। अभियान का समापन 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालतों के साथ होगा।

कुलदीप शर्मा ने जानकारी दी कि समाधान समारोह के अंतर्गत 21 अप्रैल 2026 से ही सुलह एवं मध्यस्थता बैठकों का आयोजन शुरू हो चुका है। इसी क्रम में 25 मई को सुबह 11 बजे पक्का भरो स्थित जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण हमीरपुर के एडीआर सेंटर में भी सुलह एवं मध्यस्थता बैठकें आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने अधिवक्ताओं और संबंधित पक्षकारों से आग्रह किया कि वे इन बैठकों में स्वयं उपस्थित हों या वर्चुअल माध्यम से शामिल होकर सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के समाधान की प्रक्रिया शुरू करवाएं।

उन्होंने बताया कि लंबित मामलों को “समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026” में शामिल करने के लिए एक सरल गूगल फॉर्म तैयार किया गया है, जो सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक पक्षकार 31 मई तक यह फॉर्म भरकर अपने मामलों को विशेष लोक अदालत में शामिल करवा सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972-224399 या ईमेल secy-dlsa-ham-hp@gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।