चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने मंगलवार को शिमला स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शोघी में बनाए गए मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चुनावी व्यवस्थाओं, मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान चुनाव आयुक्त ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ किया जाना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसमें राजनीतिक दलों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।
चुनाव आयुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को घर-घर जाकर सत्यापन करने और मतदाताओं को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जानी चाहिए।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, रैंप, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर पंकज शर्मा, राजेश कौंडल सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।