सर्वोच्च न्यायालय में ‘समाधान समारोह’ अभियान शुरू

rakesh nandan

12/05/2026

सर्वोच्च न्यायालय द्वारा न्याय प्रक्रिया को सरल, सुलभ और आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से “समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026” अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 21 अप्रैल 2026 से आरम्भ हुआ है और इसका समापन 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालत के साथ होगा।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों का आपसी सहमति, संवाद और सुलह के माध्यम से निपटारा करना है। अभियान के तहत पूर्व-सुलह बैठकों का आयोजन राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों के साथ-साथ मध्यस्थता केंद्रों में किया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत अधिवक्ताओं, वादकारियों और संबंधित पक्षों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है, ताकि मामलों का समाधान आपसी समझौते से किया जा सके। सुलह बैठकों में पक्षकार व्यक्तिगत रूप से या वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं।

विशेष लोक अदालत में अपने मामलों को शामिल करने के लिए इच्छुक पक्षों हेतु एक सरल गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। यह फॉर्म सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

इच्छुक पक्ष गूगल फॉर्म लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।

समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 के लिए बनाए गए वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके लिए संपर्क नंबर 011-23115652 और 011-23116464 जारी किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त सीआरपी निदेशक कार्यालय से 011-23116465 नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है। वन स्टॉप सेंटर कक्ष संख्या 806 एवं 808, बी ब्लॉक, अतिरिक्त भवन परिसर, सर्वोच्च न्यायालय में स्थापित किया गया है।

अधिक जानकारी या सहायता के लिए ईमेल पर भी संपर्क किया जा सकता है।