भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को सोलन नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लंबे समय से कांग्रेस के नेतृत्व के बावजूद सोलन शहर की मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि सोलन नगर निगम, प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक सभी कांग्रेस से जुड़े होने के बावजूद जनता को पानी, सफाई, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्ष 2021 के नगर निगम चुनाव में बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन अधिकांश वादे धरातल पर पूरे नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि नियमित और सस्ती पेयजल आपूर्ति का वादा किया गया था, जबकि आज लोगों को हफ्तों तक पानी नहीं मिल रहा है और कई क्षेत्रों में गंदे पानी की समस्या बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि लोगों को निजी टैंकरों के माध्यम से पानी खरीदना पड़ रहा है और दूसरी ओर पानी के बिलों का बोझ भी बढ़ाया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सफाई व्यवस्था को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मुफ्त कूड़ा उठान के दावे किए गए थे, लेकिन वर्तमान में कूड़ा शुल्क लगातार बढ़ाया जा रहा है और शहर में सफाई व्यवस्था बदहाल है।
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में सोलन को प्रदेश का सबसे स्वच्छ, सुरक्षित, हरित और स्मार्ट शहर बनाने का लक्ष्य रखा है। पार्टी ने प्रत्येक वार्ड में आधुनिक घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था लागू करने और वैज्ञानिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित करने का वादा किया है।
भाजपा ने कहा कि कूड़ा उठान व्यवस्था की डिजिटल मॉनिटरिंग की जाएगी और सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा हर घर तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुंचाने, लीकेज रोकने और नई सीवरेज लाइनों के विस्तार की योजना भी संकल्प पत्र में शामिल की गई है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि शहर में पार्किंग समस्या के समाधान के लिए प्रमुख स्थानों पर बहुमंजिला पार्किंग बनाई जाएगी। बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दोपहिया पार्किंग की सुविधा विकसित करने तथा रेहड़ी-फड़ी संचालकों के लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाने का भी वादा किया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा चिट्टा और अन्य नशों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाएगी। स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और नशा माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भाजपा ने वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित करने, नगर निगम सेवाओं के डिजिटलीकरण तथा पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन का भी वादा किया है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति में विश्वास रखती है और पार्टी को भरोसा है कि सोलन की जनता नगर निगम चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी।