नाहन में नर्सेस डे पर “नर्सेस वीक” का आयोजन

rakesh nandan

12/05/2026

माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग में अंतरराष्ट्रीय नर्सेस डे 2026 के अवसर पर 9 मई से 12 मई तक “नर्सेस वीक” बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “Our Nurses, Our Future: Empowered Nurses Save Lives” रही।

पूरे सप्ताह कॉलेज परिसर में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत 9 मई को कॉलेज चेयरमैन अनिल जैन, कॉलेज सचिव सचिन जैन तथा कॉलेज प्राचार्या रीजी गिवर्घेस द्वारा की गई।

कार्यक्रम के पहले दिन शतरंज, कैरम, लेमन रेस और डिबेट प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इसके बाद 11 मई को टैलेंट हंट, कविता पाठ, कुकिंग विदाउट फायर, पेंसिल स्केचिंग, रंगोली, मेहंदी, कैलिग्राफी और पेपर क्राफ्ट प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

12 मई को मुख्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. संगीत धिल्लों उपस्थित रहीं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने डांस, स्किट, सोलो सिंगिंग, माइम और सोलो डांस जैसी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित कर विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।

इसी अवसर पर नर्सिंग विषयों पर एक सेमिनार का आयोजन भी किया गया। इसमें छात्राओं ने “Empowered Nurses”, “Leadership in Nursing”, “Public Health Emergencies” और “Mental Health Resilience” जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

मुख्य अतिथि डॉ. संगीत धिल्लों ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत नींव हैं और उनका समर्पण समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कॉलेज प्रशासन और प्राचार्या ने सफल आयोजन के लिए सभी छात्राओं और स्टाफ सदस्यों को बधाई दी। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।