कोलर हमले पर भाजपा ने सरकार को घेरा

rakesh nandan

12/05/2026

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सिरमौर जिले के कोलर क्षेत्र में दुकान चला रहे बाप-बेटे पर हुए हमले को प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का गंभीर मामला बताया है। उन्होंने इस घटना को भयावह बताते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।

डॉ. बिंदल ने कहा कि बाहरी राज्य से आए हमलावरों द्वारा तलवारों और धारदार हथियारों से हमला किया जाना इस बात का संकेत है कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि कोलर में दुकान के बाहर बैठे लोगों पर वाहन में सवार होकर आए हमलावरों ने हमला किया और गंभीर रूप से घायल कर दिया।

उन्होंने दावा किया कि घायल व्यक्ति अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस घटना को हत्या के प्रयास का मामला बताते हुए कहा कि यह प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति को उजागर करता है।

डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि सिरमौर जिले विशेषकर कालाअंब और पांवटा साहिब क्षेत्र में टिप्पर माफिया पूरी तरह बेलगाम हो चुका है। उन्होंने कहा कि रातभर सड़कों पर तेज रफ्तार और ओवरलोड टिप्परों के कारण आम लोगों की सुरक्षा खतरे में रहती है।

उन्होंने कहा कि कालाअंब क्षेत्र में पहले भी टिप्परों से जुड़े हादसों में लोगों की जान जा चुकी है और अब कोलर में हिंसक हमला सामने आया है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि हाल ही में एक टिप्पर चालक और स्थानीय दुकानदार के बीच ओवरस्पीड को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह हमला किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि आखिर इन टिप्पर संचालकों और हमलावरों को राजनीतिक संरक्षण कौन दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना नंबर प्लेट, ओवरलोडिंग और अवैध गतिविधियों में शामिल वाहन खुलेआम सड़कों पर घूम रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग का यह नेटवर्क किन लोगों की मिलीभगत से चल रहा है। भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर अवैध खनन और माफियाराज को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया।

डॉ. बिंदल ने कहा कि पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया है, लेकिन केवल औपचारिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।

भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो जनता सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध और माफियाराज की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।