जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पंचायती राज चुनाव, जिला परिषद चुनाव तथा अन्य स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति एवं संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पूर्व मंत्री एवं पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार जनता के हितों की बजाय अपने करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार का खजाना जनता के लिए खाली है, जबकि मित्रों के लिए संसाधनों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आक्रोश है और आगामी पंचायती राज चुनावों में इसका असर देखने को मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि जिला परिषद, नगर निगम, नगर परिषद और पंचायत चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जनता का समर्थन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए साढ़े तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन चुनावों के दौरान दी गई कई गारंटियां अभी तक पूरी नहीं हुई हैं। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक सहायता, युवाओं को रोजगार और अन्य चुनावी वादों को लेकर सरकार को घेरा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के बेरोजगार युवा सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे हैं और कई योजनाओं को लेकर किए गए वादे भी अधूरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दूध के दाम बढ़ाने और गोबर खरीद योजना जैसी घोषणाओं पर भी सरकार अमल नहीं कर पाई है।
सम्मेलन के दौरान भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को मजबूत करने और गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया। पार्टी कार्यकर्ताओं में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर उत्साह भी देखने को मिला।