हमीरपुर में युवाओं के लिए एक्सपीरियंस लर्निंग प्रोग्राम

rakesh nandan

12/05/2026

मेरा युवा भारत हमीरपुर द्वारा नागरिक वरिष्ठ केंद्र पक्का भरो, हमीरपुर में युवाओं के लिए एक्सपीरियंस लर्निंग प्रोग्राम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों, जीवन मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों से परिचित करवाना था।

कार्यक्रम के अंतर्गत पांच युवाओं ने भाग लिया। प्रतिभागी अलग-अलग दिनों में नागरिक वरिष्ठ केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताया और उनके जीवन अनुभवों को करीब से जाना।

युवाओं ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवाद करते हुए उनके अनुभवों से प्रेरणा ली तथा सेवा कार्यों में भी सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी दीपमाला भी केंद्र में उपस्थित रहीं। उन्होंने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में सामाजिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में नागरिक वरिष्ठ केंद्र हमीरपुर के मैनेजर मिलाप का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने उनके सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।