बिलासपुर में 21 नामांकन रद्द, 4703 उम्मीदवार मैदान में

rakesh nandan

12/05/2026

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि बिलासपुर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान विभिन्न कारणों से कुल 21 नामांकन पत्र रद्द किए गए हैं, जबकि अब 4703 उम्मीदवार चुनावी मैदान में बने हुए हैं।

राहुल कुमार ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद सही पाए गए उम्मीदवार 14 और 15 मई को अपराह्न 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिले के 14 जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 85 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जिनमें से 3 नामांकन पत्र विभिन्न कारणों से रद्द हुए हैं।

इसी प्रकार जिले की चार पंचायत समितियों के लिए कुल 435 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे, जिनमें से जांच के दौरान 6 नामांकन पत्र रद्द किए गए।

वहीं जिले की 182 ग्राम पंचायतों के विभिन्न पदों के लिए कुल 4183 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए थे। इनमें से 12 नामांकन पत्र जांच के दौरान रद्द किए गए।

उपायुक्त ने बताया कि प्रधान पद के लिए दाखिल 864 नामांकन पत्रों में से 3, उपप्रधान पद के लिए दाखिल 956 नामांकन पत्रों में से 2 तथा पंचायत सदस्य पद के लिए दाखिल 2363 नामांकन पत्रों में से 7 नामांकन पत्र रद्द किए गए हैं।

राहुल कुमार ने बताया कि अब जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए कुल 4703 उम्मीदवार चुनावी दौड़ में शामिल हैं।