आईटीआई कोटली में ‘भविष्य सेतु’ करियर मार्गदर्शन शिविर आयोजित

rakesh nandan

05/06/2026

आईटीआई कोटली में ‘भविष्य सेतु’ करियर परामर्श एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित

मंडी। जिला रोजगार कार्यालय मंडी और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कोटली के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को आईटीआई कोटली परिसर में ‘भविष्य सेतु’ करियर परामर्श एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और प्रशिक्षुओं को विभिन्न करियर विकल्पों, रोजगार के अवसरों, तकनीकी शिक्षा तथा स्वरोजगार योजनाओं के बारे में जागरूक करना था।

कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कोटली जे.सी. शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों और प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं को अपने भविष्य की दिशा तय करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

जे.सी. शर्मा ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं की प्रतिभा और भविष्य दोनों को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक युवा को नशामुक्त जीवन अपनाकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है और उसकी भूमिका समाज के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान जिला रोजगार अधिकारी अरविन्द सिंह चौहान ने श्रम एवं रोजगार विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सेवाओं और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगार कार्यालय में उपलब्ध करियर परामर्श सेवाओं, रोजगार पंजीकरण प्रक्रिया तथा विभिन्न सरकारी और निजी क्षेत्र के रोजगार अवसरों के बारे में अवगत कराया।

उन्होंने बताया कि रोजगार विभाग समय-समय पर युवाओं के लिए रोजगार मेलों, करियर परामर्श शिविरों और कौशल विकास कार्यक्रमों का आयोजन करता है। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं को रोजगार से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से रोजगार कार्यालय की सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार और करियर संभावनाओं की जानकारी साझा की। विद्युत विभाग से कनिष्ठ अभियंता देव राज और अभिषेक गुलेरिया ने विद्युत क्षेत्र में रोजगार के अवसरों, तकनीकी शिक्षा और आधुनिक तकनीकों से जुड़ी संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं के लिए बिजली और ऊर्जा क्षेत्र में रोजगार की अच्छी संभावनाएं मौजूद हैं।

सांख्यिकी सहायक कश्मीर ने विद्यार्थियों को सांख्यिकी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार अवसरों और इस विषय में करियर निर्माण की संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डेटा विश्लेषण, अनुसंधान और सरकारी विभागों में सांख्यिकी विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है।

रोजगार विभाग के अधिकारियों विजय कुमार (जेओए-आईटी) और धर्म चंद (जेओए-आईटी) ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन रोजगार पोर्टलों, प्रतियोगी परीक्षाओं और डिजिटल माध्यमों से रोजगार खोजने के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को आधुनिक तकनीक का उपयोग कर रोजगार अवसरों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया।

आईटीआई कोटली के नवीन कुमार (जेओए-आईटी), नीरज अवस्थी (अनुदेशक) और ईश्वर दास (फोरमैन) ने तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, प्रशिक्षुता (Apprenticeship) और उद्योगों में उपलब्ध रोजगार अवसरों के संबंध में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में कौशल आधारित शिक्षा का महत्व लगातार बढ़ रहा है और उद्योगों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग भी बढ़ रही है।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अपने कौशल को लगातार विकसित करने, नई तकनीकों को सीखने और रोजगार बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक ज्ञान युवाओं को बेहतर रोजगार प्राप्त करने में सहायता प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार और करियर अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की तथा विशेषज्ञों से अपने प्रश्नों के उत्तर भी हासिल किए। शिविर के माध्यम से युवाओं को भविष्य की योजना बनाने और अपने करियर को सही दिशा देने में मदद मिली।

कार्यक्रम के समापन पर जिला रोजगार अधिकारी अरविन्द सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि जे.सी. शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागीय अधिकारियों, आईटीआई कोटली के प्रधानाचार्य, संस्थान के स्टाफ तथा उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।