ऊना पंचायत चुनाव में 78.75% मतदान दर्ज

rakesh nandan

26/05/2026

जिला ऊना में पंचायती राज संस्थाओं के पहले चरण के चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गए। जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पहले चरण में कुल 78.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान को लेकर युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला।

जिला निर्वाचन अधिकारी ऊना जतिन लाल ने बताया कि पहले चरण में कुल 1,34,805 मतदाताओं में से 1,06,165 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 55,631 महिला और 50,534 पुरुष मतदाता शामिल रहे।

उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

ब्लॉकवार मतदान प्रतिशत की बात करें तो अंब विकास खंड में सबसे अधिक 79.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां 19 पंचायतों के 111 वार्डों में कुल 20,415 मतदाताओं ने वोट डाला, जिनमें 10,533 महिला और 9,882 पुरुष मतदाता शामिल रहे।

बंगाणा विकास खंड में 79.03 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 19,946 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 10,441 महिला और 9,505 पुरुष मतदाता शामिल हैं।

ऊना विकास खंड में कुल 78.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां 21,185 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 11,185 महिला और 10,000 पुरुष मतदाता शामिल रहे।

गगरेट विकास खंड में 77.89 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। यहां कुल 18,833 मतदाताओं ने वोट डाला, जिनमें 9,856 महिला और 8,977 पुरुष मतदाता शामिल रहे।

हरोली विकास खंड में 78.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां 25,786 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 13,616 महिला और 12,170 पुरुष मतदाता शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी मतदाताओं, चुनाव कर्मियों और सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त किया है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दूसरे चरण के चुनाव 28 मई को जिला की 83 ग्राम पंचायतों में करवाए जाएंगे। इनमें अंब की 19, बंगाणा की 16, गगरेट की 14, ऊना की 18 और हरोली की 16 पंचायतें शामिल हैं।

दूसरे चरण के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।