भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने कांग्रेस नेता नरेश चौहान के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता हमेशा झूठ और भ्रम फैलाकर राजनीति करने का प्रयास करते हैं।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि मंत्रिमंडल बैठकों में फैसले कांग्रेस सरकार खुद करती है और बाद में उन्हीं फैसलों का राजनीतिक प्रचार कर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को हर मुद्दे पर भाजपा की पूर्व सरकारों को दोष देने की आदत पड़ चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि क्या भाजपा सरकार के समय चुनावों से पहले इस प्रकार की लोक-लुभावन घोषणाएं की जाती थीं, जैसी वर्तमान कांग्रेस सरकार लगातार कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस सरकार के महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने के वादे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन आज तक महिलाओं को उसका वास्तविक लाभ नहीं मिला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के वादे “ठन-ठन गोपाल” साबित हुए हैं।
त्रिलोक कपूर ने आरोप लगाया कि हर मंत्रिमंडल बैठक में नौकरियों का पिटारा खोलने की बातें की जाती हैं, लेकिन धरातल पर युवाओं को स्थायी रोजगार नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने युवाओं को 58 वर्ष तक नौकरी सुरक्षा देने के दावे किए थे, लेकिन आज तक कोई ठोस निर्णय लागू नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल अपने करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है, जबकि आम जनता और बेरोजगार युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
बिजली दरों के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार को घेरते हुए त्रिलोक कपूर ने कहा कि प्रदेश में बिजली की दरें लगातार बढ़ाई गई हैं, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन वह वादा अब पूरी तरह गायब हो चुका है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय दी जा रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा को भी कांग्रेस सरकार ने समाप्त कर दिया।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि बेहतर होता यदि कांग्रेस नेता प्रदेश की जनता के वास्तविक मुद्दों और सरकार की विफलताओं पर जवाब देते, लेकिन कांग्रेस केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में लगी हुई है।