सिरमौर जिले में पुलिस ने अलग-अलग आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें पांवटा साहिब में मोटरसाइकिल चोरी, नाहन में कथित तौर पर फर्जी पत्रकार बनकर वसूली करने तथा पुरुवाला क्षेत्र में मारपीट और धमकी देने के मामले शामिल हैं।
पांवटा साहिब में चोरी की बाइक बरामद, आरोपी गिरफ्तार
पांवटा साहिब थाना क्षेत्र में गौरव कुमार निवासी नकुड़, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), जो वर्तमान में गुज्जर कॉलोनी पांवटा साहिब में किराये पर रह रहा है, ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत के अनुसार उसकी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर UK07FQ-3738) 29 मई की रात घर के बाहर खड़ी थी, जो अगली सुबह गायब मिली।
पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी सुरजीत सिंह (30 वर्ष) निवासी गांव मलियों, डाकघर माजरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
नाहन में फर्जी पत्रकार बनकर वसूली के आरोप में मामला दर्ज
नाहन के पंजाहल निवासी अनिल कुमार ठाकुर ने शिकायत दर्ज करवाई कि 21 मई को कथित रूप से एक न्यूज चैनल से जुड़े सतीश कुमार अपने चालक हरि दत्त शर्मा के साथ गांव पहुंचे और बिना अनुमति उनका इंटरव्यू लिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने डराने-धमकाने के बाद 11 हजार रुपये की रसीद काटकर पैसे वसूले। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पंचायत चुनाव के दौरान अन्य उम्मीदवारों से भी इसी प्रकार जबरन इंटरव्यू लेकर 11 हजार रुपये की रसीद काटी जा रही थी।
शिकायत के अनुसार 30 मई को ग्राम पंचायत पंजाहल की नवनिर्वाचित प्रधान ललिता देवी का भी बिना अनुमति इंटरव्यू लिया गया तथा बाद में एक अन्य व्यक्ति के खेत में कार्यरत जेसीबी की वीडियो बनाकर कथित दबाव बनाया गया।
पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर थाना सदर नाहन में धारा 223, 308(2), 329(3) और 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले के तथ्यों की जांच कर रही है।
पुरुवाला में मारपीट और जान से मारने की धमकी का केस
थाना पुरुवाला क्षेत्र में सुखदेव सिंह निवासी ज्वालापुर, डाकघर निहालगढ़ ने शिकायत दर्ज करवाई कि पंचायत चुनाव परिणाम आने के बाद वह अपने घर लौट रहा था। रास्ते में एक पीजी में बैठा हुआ था, तभी एक व्यक्ति डंडा लेकर आया और उसके साथ गाली-गलौच, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना में उसे चोटें भी आई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 115(2), 351(2) और 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही है आगे की जांच
सिरमौर पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में विधिक कार्रवाई जारी है। चोरी के मामले में बरामदगी की जा चुकी है, जबकि नाहन और पुरुवाला के मामलों में साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।