आरबीआई ने हमीरपुर में वित्तीय जागरुकता शिविर आयोजित किया

rakesh nandan

25/05/2026

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के शिमला कार्यालय ने सोमवार को हमीरपुर स्थित कुमार पैलेस में वित्तीय साक्षरता एवं ग्राहक जागरुकता शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में आरबीआई शिमला कार्यालय के उप महाप्रबंधक जसविंदर सिंह औजला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शिविर का उद्देश्य लोगों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेनदेन और ग्राहक अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान आरबीआई अधिकारियों ने प्रतिभागियों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग, ई-केवाईसी और ऑनलाइन बैंकिंग से जुड़ी आवश्यक जानकारियां प्रदान कीं।

उप महाप्रबंधक जसविंदर सिंह औजला और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बैंक ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ग्राहकों को अपने बैंकिंग अधिकारों की जानकारी होना बेहद जरूरी है ताकि वे किसी भी धोखाधड़ी या समस्या से बच सकें।

कार्यक्रम में बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बैंकों के माध्यम से संचालित बीमा योजनाओं, पेंशन योजनाओं और अन्य सरकारी वित्तीय योजनाओं से अवगत करवाया गया।

जिला अग्रणी प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल और पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के निदेशक अजय कुमार कतना ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि, अन्य अधिकारियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने विभिन्न बैंकिंग योजनाओं और स्वरोजगार से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी भी साझा की।

आरबीआई अधिकारियों ने लोगों से डिजिटल बैंकिंग का सुरक्षित उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या बैंकिंग धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बैंक कभी भी ग्राहकों से ओटीपी, पिन या पासवर्ड साझा करने के लिए नहीं कहते।

कार्यक्रम में आरबीआई शिमला कार्यालय के सहायक महाप्रबंधक आशीष शर्मा, प्रबंधक आशीष सांगरा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।