पधर किसान मेला संपन्न, मंत्री धर्माणी रहे मुख्य अतिथि

rakesh nandan

20/04/2026

जिला मंडी के पधर में आयोजित जिला स्तरीय किसान मेला शनिवार को विधिवत रूप से संपन्न हो गया। समापन समारोह में नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह की शुरुआत जल शक्ति विश्राम गृह डलाह में देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद भव्य जलेब निकाली गई। इस पारंपरिक जलेब में मंत्री सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए।

मेले का विधिवत समापन

इसके पश्चात मेला मैदान पधर में मंत्री ने मेला ध्वज उतारकर मेले का औपचारिक समापन किया। इस दौरान उन्होंने आईटीआई पधर में लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से बने प्रशासनिक भवन का उद्घाटन भी किया।

संस्कृति और परंपरा का प्रतीक

राजेश धर्माणी ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि मेले और त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के आधार हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनसे समाज में नई ऊर्जा, उत्साह और आपसी भाईचारे की भावना को बल मिलता है। मंत्री ने कहा कि जिला स्तरीय किसान मेला पधर क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा है और यह आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करता है।

देव संस्कृति को मिलता है बल

उन्होंने कहा कि मेले के दौरान देवी-देवताओं का आगमन और आपसी मेल-मिलाप हमारी प्राचीन देव संस्कृति को सशक्त बनाता है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को प्रकट करता है, बल्कि समाज को एकजुट रखने का भी कार्य करता है।

शिक्षा और किसान हितों पर जोर

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए सीबीएसई के 150 से अधिक स्कूल शुरू किए हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने किसानों के हित में उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने दूध के समर्थन मूल्य में वृद्धि कर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

पूर्व मंत्री ने किया स्वागत

इससे पहले पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और अपने संबोधन में प्रदेश सरकार के जनहितकारी कार्यों की सराहना की।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मान

मंत्री ने मेले के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, रस्साकशी, मटका फोड़ और म्यूजिकल चेयर में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले स्कूली छात्रों को भी सम्मानित किया गया।

सफल आयोजन के लिए बधाई

राजेश धर्माणी ने मेले के सफल आयोजन के लिए एसडीएम पधर सुरजीत सिंह और पूरी मेला समिति को बधाई दी। एसडीएम सुरजीत सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए मेले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान तीन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया गया, जिनमें स्थानीय कलाकारों को विशेष मंच प्रदान किया गया।

स्मारिका का विमोचन

इस अवसर पर वरिष्ठ लेखक एवं संपादक तिलक राज गौतम द्वारा तैयार की गई मेला स्मारिका का भी विमोचन किया गया।

गणमान्य लोगों की उपस्थिति

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विवेक कुमार, एचपीएमसी के निदेशक मंडल सदस्य जोगिंदर सिंह गुलरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।