पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 के तहत विकास खंड कल्पा में चुनावी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रथम चरण का चुनावी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण विकास खंड कल्पा के अंतर्गत आने वाली 26 पंचायतों के 140 मतदान केंद्रों के लिए आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 246 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इनमें 196 पोलिंग ऑफिसर तथा 49 प्रिजाइडिंग ऑफिसर शामिल रहे। प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया, मतदान केंद्रों पर पालन किए जाने वाले दिशा-निर्देश, मतदान सामग्री के प्रबंधन और निर्वाचन संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी (ग्राम पंचायत) हिमांशी शर्मा ने बताया कि विकास खंड कल्पा में पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 को तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण का मतदान 26 मई, द्वितीय चरण का मतदान 28 मई तथा तृतीय चरण का मतदान 30 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा।
प्रथम चरण में ग्राम पंचायत कोठी, पंगी, ख्वांगी, बारंग, सपनी, बुआ, सांगला, छितकुल और दूनी पंचायतों में मतदान होगा। द्वितीय चरण में ग्राम पंचायत कल्पा, थेन पंगी, युवारिंग, पवारी, किल्बा, शोंग, कामरू, रक्षम और ब्रेलंगी पंचायतों में मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी।
वहीं तृतीय चरण में ग्राम पंचायत रोघी, तेलंगी, शुदारंग, पूर्बनी, मेंबर, चांसू, थेमगारंग और बटसेरी पंचायतों में मतदान आयोजित होगा।
खंड विकास अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में 53, द्वितीय चरण में 47 तथा तृतीय चरण में 40 वार्डों में मतदान करवाया जाएगा। विकास खंड कल्पा में कुल 140 वार्ड शामिल हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाता पहचान पत्र की जांच, मतदाता सहायता, मतदान सामग्री के सुरक्षित प्रबंधन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
हिमांशी शर्मा ने सभी चुनावी कर्मियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता के साथ पालन करने का आह्वान किया।