कालाआंब में अवैध शराब बरामद, दो मामले दर्ज

rakesh nandan

11/05/2026

कालाआंब पुलिस ने मोगीनंद क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और सड़क पर रेहड़ी लगाकर यातायात बाधित करने के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अभियोग दर्ज किए हैं।

पहले मामले में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोगीनंद क्षेत्र में एक ढाबे पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विनोद कुमार पुत्र लाल सिंह निवासी गांव निमवाली सलानी, डाकघर सैनवाला, तहसील नाहन के ढाबे पर दबिश दी।

पुलिस द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर ढाबे के अंदर एक प्लास्टिक के बोरे से 08 बोतलें देशी शराब मार्का माल्टा 750 एमएल प्रत्येक बरामद की गईं। बरामद शराब की बोतलों पर “Sale in Haryana” लिखा हुआ था।

इस मामले में थाना कालाआंब में आरोपी के खिलाफ धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगामी जांच जारी है।

वहीं दूसरे मामले में कालाआंब पुलिस ने सड़क पर रेहड़ी लगाकर यातायात बाधित करने पर कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार 10 मई 2026 को मोगीनंद-पटवार खाना के पास सड़क के किनारे सोहन लाल निवासी गांव व डाकघर मोगीनंद फास्ट फूड की रेहड़ी लगाकर सामान बेच रहा था।

पुलिस के अनुसार रेहड़ी के आसपास काफी संख्या में लोग खड़े थे और सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाने के कारण आम लोगों और वाहनों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न हो रही थी।

इस पर थाना कालाआंब में आरोपी के खिलाफ धारा 285 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।