भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनावों को लेकर अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल 12 और 13 मई को सोलन नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में व्यापक जनसंपर्क और चुनावी दौरे पर रहेंगे।

भाजपा नेताओं का दावा है कि डॉ. राजीव बिंदल का यह आक्रामक चुनावी दौरा सोलन नगर निगम के चुनावी माहौल को पूरी तरह बदल सकता है। पार्टी कार्यकर्ताओं को भी इन दौरों के लिए सक्रिय किया गया है।

भाजपा 12 मई को सोलन नगर निगम के लिए अपना “संकल्प पत्र” भी जारी करेगी। पार्टी के अनुसार यह केवल चुनावी घोषणा पत्र नहीं, बल्कि शहर के समग्र विकास का विजन डॉक्यूमेंट होगा। इसमें वार्ड स्तर और नगर निगम स्तर के प्रमुख मुद्दों को शामिल किया जाएगा।

भाजपा नेताओं ने कहा कि संकल्प पत्र जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, महिला सुरक्षा, व्यापार, पर्यटन, युवाओं के लिए अवसर और आधुनिक शहरी सुविधाओं जैसे विषयों को प्राथमिकता दी गई है।

पार्टी ने बताया कि धर्मशाला, सोलन, पालमपुर और मंडी—चारों नगर निगमों के लिए अलग-अलग संकल्प पत्र जारी किए जाएंगे। भाजपा का कहना है कि प्रत्येक नगर निगम की स्थानीय जरूरतों और क्षेत्रीय प्राथमिकताओं के अनुसार विजन डॉक्यूमेंट तैयार किए गए हैं।

भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस केवल गारंटियों और भ्रम की राजनीति कर रही है, जबकि भाजपा विकास और जवाबदेही की राजनीति में विश्वास रखती है। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि भाजपा के पास स्पष्ट विजन और मजबूत नेतृत्व है।

12 मई को चारों नगर निगमों में वरिष्ठ भाजपा नेता संकल्प पत्र प्रस्तुत करेंगे। सोलन में डॉ. राजीव बिंदल और संजीव कटवाल मौजूद रहेंगे।

मंडी में जयराम ठाकुर और पायल वैद्य संकल्प पत्र जारी करेंगे।

पालमपुर में विपिन परमार और त्रिलोक कपूर उपस्थित रहेंगे।

वहीं धर्मशाला में पवन काजल तथा सुधीर शर्मा संकल्प पत्र का प्रस्तुतीकरण करेंगे।

भाजपा ने बताया कि इस दौरान स्थानीय विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी और चुनाव प्रभारी भी मौजूद रहेंगे। पार्टी ने दावा किया कि नगर निगम चुनावों में जनता विकास और पारदर्शिता की राजनीति के पक्ष में मतदान करेगी।