जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया के तीसरे और अंतिम दिन बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिला परिषद के विभिन्न वार्डों के लिए कुल 48 उम्मीदवारों तथा पंचायत समितियों के लिए 194 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा करवाए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला की चार पंचायत समितियों के लिए कुल 194 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें घुमारवीं पंचायत समिति के लिए 64, झंडूता पंचायत समिति के लिए 43, श्री नैना देवी जी पंचायत समिति के लिए 33 तथा पंचायत समिति सदर के लिए 54 उम्मीदवार शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त जिला की 182 ग्राम पंचायतों में प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए अंतिम दिन कुल 1744 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
सदर विकास खंड के अंतर्गत प्रधान पद के लिए 110, उप प्रधान पद के लिए 164 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 333 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे। वहीं घुमारवीं विकास खंड में प्रधान पद के लिए 96, उप प्रधान पद के लिए 140 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 282 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए।
झंडूता विकास खंड के तहत प्रधान पद के लिए 90, उप प्रधान पद के लिए 81 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 204 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए। इसी प्रकार श्री नैना देवी जी विकास खंड में प्रधान पद के लिए 49, उप प्रधान पद के लिए 66 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 129 उम्मीदवारों ने नामांकन प्रस्तुत किए।
राहुल कुमार ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से संबंधित कार्यालयों में की जाएगी। इसके बाद 14 और 15 मई को दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे।
निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 26, 28 और 30 मई को संबंधित ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा। ग्राम पंचायतों के मतों की गिनती मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित पंचायतों में ही की जाएगी, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की मतगणना 31 मई को निर्धारित मतगणना केंद्रों पर होगी।