जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिला में विभिन्न पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए कुल 4727 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद चुनावों के लिए कुल 88 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा करवाए हैं। बिलासपुर जिला में कुल 14 जिला परिषद वार्डों के लिए चुनाव होने हैं।
इसके अलावा चार पंचायत समितियों के लिए कुल 435 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं। इनमें पंचायत समिति बिलासपुर सदर के लिए 112, घुमारवीं के लिए 163, झंडूता के लिए 105 तथा श्री नैना देवी जी पंचायत समिति के लिए 55 उम्मीदवार शामिल हैं।
राहुल कुमार ने बताया कि जिला की 182 ग्राम पंचायतों के विभिन्न पदों के लिए कुल 4204 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे हैं। इनमें प्रधान पद के लिए 871, उप प्रधान पद के लिए 963 तथा पंचायत सदस्य पदों के लिए 2370 उम्मीदवार शामिल हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी।
बिलासपुर जिला में पंचायत चुनावों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न पंचायतों में उम्मीदवारों ने प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया है।