हमीरपुर में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार पर विराम

rakesh nandan

26/05/2026

पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण के लिए जिला हमीरपुर की 82 ग्राम पंचायतों में मंगलवार शाम 3 बजे चुनाव प्रचार थम गया। अब 28 मई को इन पंचायतों में मतदान होगा, जिसमें पंचायत प्रधान, उपप्रधान, पंचायत सदस्य, बीडीसी और जिला परिषद के उम्मीदवारों का भाग्य तय होगा।

दूसरे चरण में पंचायत प्रधान और उपप्रधान के कुल 164 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इसके अलावा पंचायत वार्ड सदस्यों के 466 पदों पर भी चुनाव होगा। संबंधित पंचायतों के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद और बीडीसी वार्डों के लिए भी इसी दिन मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। प्रशासन ने चुनाव आचार संहिता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।

उन्होंने बताया कि मतदान समाप्ति के निर्धारित समय से पहले 48 घंटे की अवधि के दौरान सभी प्रकार की चुनावी जनसभाओं, जुलूसों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, टीवी-सिनेमा शो और सार्वजनिक बैठकों पर प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही इस अवधि में संबंधित पंचायतों में शराब की बिक्री और वितरण भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

जिला प्रशासन ने होटल, रेस्तरां, बार, क्लब, मैरिज पैलेस और अन्य सार्वजनिक एवं निजी व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी शराब वितरण पर पूर्ण पाबंदी लगाई है।

मतदान दिवस पर सभी मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की प्रचार गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान केंद्रों के आसपास चुनाव चिह्न, पोस्टर, बैनर या अन्य प्रचार सामग्री प्रदर्शित करना प्रतिबंधित रहेगा। मतदाताओं को प्रभावित करने या प्रलोभन देने जैसी गतिविधियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने बताया कि मतदान केंद्रों और उसके आसपास हथियार लेकर चलने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि मतदान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।

दूसरे चरण के तहत नादौन ब्लॉक की 21 पंचायतों में 115 मतदान बूथ बनाए गए हैं। बिझड़ी ब्लॉक की 17 पंचायतों में 99 बूथ, बमसन ब्लॉक की 8 पंचायतों में 42 बूथ, भोरंज ब्लॉक की 15 पंचायतों में 91 बूथ, हमीरपुर ब्लॉक की 13 पंचायतों में 75 बूथ और सुजानपुर ब्लॉक की 8 पंचायतों में 44 मतदान बूथ स्थापित किए गए हैं।

28 मई को मतदान सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई को सुबह 9 बजे सभी ब्लॉक मुख्यालयों में की जाएगी।

दूसरे चरण में ब्राहलड़ी, ताल, चमनेड़, नेरी, काले अंब, बलोह, समीरपुर, पनसाई, लंजयाणा, जसाई, जाहू, चकमोह, गरली, बड़ाग्रां और मोरसू सुल्तानी सहित कुल 82 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा।