जिला बिलासपुर में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण में मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। जिला में कुल 67.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों की तुलना में अधिक रही।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि पहले चरण में महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 71 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि पुरुष मतदाताओं की भागीदारी 64.53 प्रतिशत रही।
उन्होंने बताया कि राज्य चुनाव आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले की 62 ग्राम पंचायतों में सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक मतदान करवाया गया। पहले चरण में विकास खंड सदर बिलासपुर की 17 पंचायतें, घुमारवीं की 21 पंचायतें, श्री नैना देवी जी की 9 पंचायतें और झंडूता विकास खंड की 15 पंचायतें शामिल थीं।
राहुल कुमार के अनुसार विकास खंड श्री नैना देवी जी में सबसे अधिक 78.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं विकास खंड झंडूता में सबसे कम 61.97 प्रतिशत मतदान हुआ।
विकास खंड सदर बिलासपुर की 17 पंचायतों में कुल 72.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा विकास खंड घुमारवीं की 21 पंचायतों में 64.04 प्रतिशत मतदान हुआ।
प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
मतदान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं में अच्छा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर लोगों की कतारें लगी रहीं। विशेष रूप से महिला मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही।
जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदाताओं, चुनाव कर्मियों और सुरक्षा बलों का आभार जताया है। अब पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणामों को लेकर उम्मीदवारों और समर्थकों की नजरें मतगणना पर टिकी हुई हैं।