हमीरपुर में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान तेज

rakesh nandan

20/05/2026

Gandharva Rathore ने जिला के सभी हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के प्रधानाचार्यों तथा शिक्षकों से अपील की है कि वे 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की उन सभी लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करें, जो अभी तक इस टीकाकरण से वंचित रह गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि लड़कियों या उनके अभिभावकों के मन में इस टीके को लेकर किसी प्रकार की भ्रांति या डर है, तो उसका तुरंत समाधान किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग की सहायता भी ली जाए।

यह अपील जिला हमीरपुर में सर्विकल कैंसर से बचाव हेतु चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने के उद्देश्य से आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के दौरान की गई। स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में जिला के हाई एवं सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के प्रमुखों ने भाग लिया।

उपायुक्त ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन लड़कियों को गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर यानी सर्विकल कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से जीवनभर सुरक्षा प्रदान कर सकती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यह वैक्सीन 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को निशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है, जो एक बड़ा अवसर है।

उन्होंने जानकारी दी कि जिला हमीरपुर में 29 मार्च 2026 से आरंभ किए गए इस विशेष टीकाकरण अभियान के तहत लगभग 2967 लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 1228 लड़कियां यह टीका लगवा चुकी हैं, जबकि शेष पात्र लड़कियों तक पहुंचने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहे हैं।

उपायुक्त ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पहली बार वर्ष 2006 में लॉन्च की गई थी और अब तक विश्व के 159 देशों में इसकी 50 करोड़ से अधिक डोज लगाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी मानी जाती है। भारत में पहले यह वैक्सीन केवल निजी अस्पतालों में उपलब्ध थी, लेकिन अब सरकार ने इसे मुफ्त टीकाकरण अभियान के रूप में शुरू किया है।

उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों और अभिभावकों तक सही जानकारी पहुंचाने में शिक्षक सबसे प्रभावी माध्यम साबित हो सकते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों के साथ लगातार संवाद में रहते हैं और बच्चे भी शिक्षकों की बातों पर विश्वास करते हैं। ऐसे में स्कूल स्तर पर जागरूकता अभियान चलाना अत्यंत आवश्यक है।

गंधर्वा राठौड़ ने सोशल मीडिया पर फैल रही गलत और भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील करते हुए कहा कि लोग केवल स्वास्थ्य विभाग और विशेषज्ञों द्वारा जारी प्रमाणित जानकारी पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि 31 मई 2026 तक सभी पात्र लड़कियां यह टीका अवश्य लगवा लें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बाद में यह अवसर उपलब्ध रहे या नहीं, यह सुनिश्चित नहीं है। इसलिए समय रहते टीकाकरण करवाना जरूरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिला हमीरपुर शिक्षा और विकास के कई मानकों में प्रदेश और देश के अग्रणी जिलों में गिना जाता है। अब एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में भी हमीरपुर को अग्रणी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अभिभावकों के सहयोग की आवश्यकता है।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी Dr Ajay Atri ने एचपीवी वैक्सीन से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी और बताया कि यह टीका सर्विकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है। वहीं स्कूल शिक्षा उपनिदेशक Kamal Kishore Bharti तथा जिला साइंस कोऑर्डिनेटर राजेश गौतम ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यशाला में डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य Dr Satish Soni सहित शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।