विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर उपमंडल गोहर के बासा स्थित राजकीय महाविद्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 28 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। कार्यक्रम में सर्व स्वयंसेवियों, स्थानीय व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ एसडीएम गोहर देवी राम ने किया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
एसडीएम ने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद आवश्यक है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
कार्यक्रम में जिला रेड क्रॉस सोसायटी मंडी के सचिव ओपी भाटिया ने उपस्थित लोगों को रेड क्रॉस संस्था द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस संस्था आपदा राहत, स्वास्थ्य सेवाओं, जरूरतमंद लोगों की सहायता और सामाजिक सहयोग के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है।
ओपी भाटिया ने रक्तदान करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि रक्तदान समाज के प्रति एक प्रेरणादायक योगदान है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर लोगों में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
रक्तदान शिविर के दौरान विद्यार्थियों और स्वयंसेवियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को नियमित रक्तदान के महत्व और मानव सेवा के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दिया गया।