जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा है कि जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के प्रथम चरण के चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 26 मई 2026 को होने वाले मतदान में जिला की 62 ग्राम पंचायतों के कुल 1 लाख 69 हजार 324 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि इनमें 85 हजार 230 पुरुष और 84 हजार 94 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के चुनाव के लिए जिले में कुल 428 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 254 सामान्य मतदान केंद्र, 115 संवेदनशील और 59 अति संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
राहुल कुमार ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मतदान दिवस पर मतदाता अपने साथ निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एपिक कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या पैन कार्ड अवश्य लेकर आएं। मतदान केंद्र पहुंचने से पहले मतदाता सूची में अपना नाम और क्रमांक जांचने की भी सलाह दी गई है।
मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि मतदान केंद्रों पर शांति और अनुशासन बनाए रखें तथा महिला, बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं का सहयोग करें। गर्मी को देखते हुए मतदाताओं को पानी और छाता साथ लाने की सलाह भी दी गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान की गोपनीयता बनाए रखना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है। बैलेट पेपर पर केवल निर्धारित चुनाव चिन्ह पर ही मुहर लगाई जाए और उस पर किसी प्रकार का हस्ताक्षर या नाम न लिखा जाए। बैलेट पेपर की फोटो खींचना और मतदान की गोपनीयता भंग करना दंडनीय अपराध है।
उपायुक्त ने कहा कि मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन या कैमरा ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी राजनीतिक दल की प्रचार सामग्री, चुनाव चिन्ह, टोपी, गमछा या पर्चे प्रतिबंधित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत चुनावों की मतगणना मतदान समाप्त होने के बाद की जाएगी, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई को निर्धारित मतगणना केंद्रों पर होगी।
पहले चरण में झंडूता, घुमारवीं, सदर और श्री नैना देवी जी विकास खंड की कुल 62 ग्राम पंचायतों में मतदान संपन्न होगा। इनमें धणी, भडोलीकलां, अमरपुर, पनोह, बरमाणा, कोठीपुरा, बंदला, तनवोल, टाली और दबट सहित कई पंचायतें शामिल हैं।