अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हिमाचल प्रदेश की प्रदेश मंत्री नैंसी अटल ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और गुंडाराज जैसी स्थिति बनती जा रही है।
नैंसी अटल ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लगातार मारपीट, हिंसा और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक स्तर पर सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
उन्होंने हाल ही में शिमला में एचआरटीसी वॉल्वो बस चालक के साथ हुई मारपीट की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि चार पर्यटकों द्वारा चालक के साथ की गई कथित बेरहमी बेहद चिंताजनक है। नैंसी अटल ने कहा कि इससे पहले कुल्लू जिले में भी पर्यटकों द्वारा खुलेआम तलवारें निकालकर कानून व्यवस्था को चुनौती देने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
एबीवीपी प्रदेश मंत्री ने कहा कि लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि प्रदेश में सरकार और प्रशासन का भय समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देशभर में अपनी शांतिपूर्ण संस्कृति, सामाजिक सौहार्द और सुरक्षित वातावरण के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में प्रदेश की छवि प्रभावित हो रही है।
नैंसी अटल ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रदेश सरकार से कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध तथा असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश की जनता की सुरक्षा और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही है और आगे भी प्रदेशहित से जुड़े विषयों पर आवाज बुलंद करती रहेगी।
एबीवीपी ने सरकार से आग्रह किया कि हिमाचल की शांति, सामाजिक सद्भाव और सुरक्षित वातावरण को बनाए रखने के लिए प्रभावी रणनीति बनाई जाए तथा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।