जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में जिला शिक्षा विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिला बिलासपुर के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त Rahul Kumar तथा अतिरिक्त उपायुक्त Om Kant Thakur ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।
इस वर्ष हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में जिला बिलासपुर के 10वीं और 12वीं कक्षा के कुल 21 विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर जिले का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया है। समारोह के दौरान विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया।
उपायुक्त राहुल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि अनुशासन, मेहनत, सकारात्मक सोच और समय प्रबंधन भी जीवन में उतने ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, नशे से दूर रहने और अच्छे मित्रों का चयन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में असफलताएं भी आती हैं, लेकिन वही आगे बढ़ने और मजबूत बनने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसके माता-पिता और शिक्षकों का सबसे बड़ा योगदान होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और कंसिस्टेंसी बनाए रखने की प्रेरणा देते हुए कहा कि नियमित प्रयास करने वाला विद्यार्थी किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकता है। राहुल कुमार ने कहा कि प्रतिभा महत्वपूर्ण है, लेकिन मेहनत और अनुशासन प्रतिभा को भी पीछे छोड़ सकते हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने कहा कि परीक्षा जीवन का केवल एक पड़ाव है, पूरा जीवन नहीं। उन्होंने कहा कि जीवन में प्रतिस्पर्धा और चुनौतियां लगातार आती रहती हैं, लेकिन दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थी ही सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा और ज्ञान का उपयोग राष्ट्र निर्माण तथा समाजहित में करने का आह्वान किया।

सम्मान समारोह में 12वीं विज्ञान संकाय के मेधावी विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। Minerva Senior Secondary School की दिवांगी ने 490 अंक प्राप्त कर 98 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश मेरिट सूची में पांचवां स्थान हासिल किया। वहीं Government Senior Secondary School Barthin के शिवम शर्मा ने 488 अंक लेकर 97.6 प्रतिशत अंकों के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा R.K. Senior Secondary Public School Ghandalwin की मुस्कान शर्मा ने 487 अंक प्राप्त कर 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुखाला की अनन्या शर्मा तथा मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की वैदेही शर्मा ने 485 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दसवां स्थान हासिल किया।
12वीं कला संकाय में Government Senior Secondary School Jakatkhana की गौरी शर्मा ने 493 अंक प्राप्त कर 98.6 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया। वहीं बरठीं की तेजस्विनी शर्मा ने 487 अंक प्राप्त कर 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश मेरिट सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया।
10वीं कक्षा में Government Girls Senior Secondary School Bilaspur की पूर्णिमा शर्मा ने 698 अंक प्राप्त कर 99.71 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया। आर.के. सीनियर सेकेंडरी स्कूल घंडालवीं के अभिमन्यु पटियाल और Him Sarvodaya Senior Secondary School की हर्षिता ने 695 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पांचवां स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार हिम सर्वोदय सीनियर सेकेंडरी स्कूल की काव्या ने 693 अंक लेकर 99 प्रतिशत अंकों के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया। आर.के. सीनियर सेकेंडरी स्कूल घंडालवीं की ऋद्धिमा ठाकुर, मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के आरव शर्मा और आयुष शर्मा ने 692 अंक प्राप्त कर 98.86 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से आठवां स्थान हासिल किया।

इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंजगाई की नविता शर्मा, आर.के. सीनियर सेकेंडरी स्कूल घंडालवीं की जैस्मिन, मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की हर्षिता चड्ढा तथा ग्लोरी पब्लिक स्कूल बिलासपुर की प्रांशी गुप्ता ने 691 अंक प्राप्त कर 98.71 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से नौवां स्थान प्राप्त किया। वहीं राजकीय उच्च विद्यालय मलांगण की मनीषा शर्मा ने 690 अंक लेकर 98.57 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश मेरिट सूची में दसवां स्थान हासिल किया।
समारोह में उपनिदेशक उच्च शिक्षा नरेश चंदेल, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा अरुण गौतम सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।