अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हिमाचल प्रदेश द्वारा शिमला में प्राध्यापक यशवंतराव केलकर की जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य पर वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन ‘स्मृति-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन 7 जून को आयोजित होगा, जिसमें वर्ष 2022 से पहले के प्रमुख पदाधिकारी और दायित्ववान कार्यकर्ता भाग लेंगे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वर्ष 1949 से समाज हित और राष्ट्र हित में कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन माना जाता है। संगठन लगातार राष्ट्र पुनर्निर्माण के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों और अभियानों का संचालन करता आ रहा है।
विद्यार्थी परिषद के अनुसार, संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने लंबे समय तक संघर्ष और समर्पण के साथ कार्य करते हुए परिषद को मजबूत बनाया है। उनके योगदान और बलिदान के कारण ही आज एबीवीपी विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन बन पाया है। परिषद का प्रत्येक वरिष्ठ कार्यकर्ता संगठन की महत्वपूर्ण पूंजी माना जाता है, जो आज भी विभिन्न रूपों में संगठन को सुदृढ़ करने में अपना योगदान दे रहा है।
शिमला में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन 11 वर्षों के बाद आयोजित किया जा रहा है। इसी कारण जिला शिमला के कार्यकर्ताओं में सम्मेलन को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। संगठन के कार्यकर्ता लगातार सम्मेलन की तैयारियों में जुटे हुए हैं और इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सुनील आंबेकर उपस्थित रहेंगे। वह वर्तमान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।
इसके अलावा सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में आशीष चौहान शामिल होंगे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश का मानना है कि ‘स्मृति-2026’ सम्मेलन संगठन को नई ऊर्जा और गति प्रदान करेगा। सम्मेलन के माध्यम से पुराने और वर्तमान कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा, जिससे संगठनात्मक कार्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी।