विश्व रेडक्रॉस दिवस पर अस्पताल में सेवा शिविर

rakesh nandan

08/05/2026

विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रेडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडलीय इकाई द्वारा नागरिक अस्पताल में सेवा शिविर आयोजित किया गया। इस वर्ष विश्व रेडक्रॉस दिवस की थीम ‘मानवता में एकजुट’ रखी गई, जिसके तहत मानव सेवा और जरूरतमंद लोगों की सहायता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम शशिपाल शर्मा ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्यरत रेडक्रॉस संस्था मानवता की सेवा के लिए समर्पित होकर लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस समाज के जरूरतमंद, पीड़ित और संकटग्रस्त लोगों की सहायता में हमेशा अग्रणी रही है।

एसडीएम ने कहा कि रेडक्रॉस जैसी संस्थाएं समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने का कार्य करती हैं। उन्होंने लोगों से भी सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडलीय इकाई द्वारा संचालित विभिन्न जनसेवा गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि संस्था समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, राहत कार्य, रक्तदान शिविर और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कई कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।

विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य पर नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों को फल और जूस भी वितरित किए गए। इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने रेडक्रॉस सोसाइटी के इस प्रयास की सराहना की।

कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. ललित कालिया, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य तथा संरक्षक भी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान मानव सेवा और सामाजिक सहयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।