ऊना जिला में पंचायती राज संस्थानों के सामान्य चुनाव-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। गुरुवार को विभिन्न पदों के लिए कुल 1,787 प्रत्याशियों ने चुनावी मैदान में उतरते हुए नामांकन जमा करवाए। जिला प्रशासन द्वारा चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त जतिन लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले दिन 10 उम्मीदवारों ने जिला परिषद सदस्य पद, 114 प्रत्याशियों ने पंचायत समिति सदस्य पद, 388 उम्मीदवारों ने प्रधान पद, 366 प्रत्याशियों ने उप प्रधान पद तथा 909 उम्मीदवारों ने वार्ड सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए।
उन्होंने बताया कि उपमंडल ऊना के अंतर्गत विभिन्न पदों के लिए कुल 267 प्रत्याशियों ने नामांकन भरे हैं। इनमें 2 जिला परिषद, 11 पंचायत समिति, 62 प्रधान, 52 उप प्रधान तथा 140 वार्ड सदस्य पद के उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं उपमंडल गगरेट में कुल 329 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए, जिनमें 4 जिला परिषद, 17 पंचायत समिति, 70 प्रधान, 68 उप प्रधान और 170 वार्ड सदस्य प्रत्याशी शामिल हैं।
उपमंडल अंब में सबसे अधिक 456 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। इनमें 1 जिला परिषद, 37 पंचायत समिति, 91 प्रधान, 105 उप प्रधान तथा 222 वार्ड सदस्य उम्मीदवार शामिल हैं। इसके अलावा उपमंडल हरोली में कुल 311 प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र जमा करवाए हैं। इनमें 2 जिला परिषद, 25 पंचायत समिति सदस्य, 70 प्रधान, 55 उप प्रधान तथा 159 वार्ड सदस्य प्रत्याशी शामिल हैं।
उधर उपमंडल बंगाणा में कुल 424 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। इनमें 1 जिला परिषद, 24 पंचायत समिति, 95 प्रधान, 86 उप प्रधान और 218 वार्ड सदस्य पद के उम्मीदवार शामिल हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं।
जतिन लाल ने बताया कि 8 और 11 मई को भी प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संबंधित अधिकारियों के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से की जाएगी। इसके बाद 14 और 15 मई को उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। नाम वापसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे और अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
पंचायती राज चुनावों को लेकर जिले में राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। विभिन्न क्षेत्रों में उम्मीदवारों ने जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिए हैं। प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों और समर्थकों से चुनाव आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।