हमीरपुर पंचायत चुनाव: पहले दिन 1572 नामांकन

rakesh nandan

08/05/2026

हमीरपुर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया वीरवार से शुरू हो गई। जिला परिषद हमीरपुर के 19 वार्डों, जिला की सभी 6 पंचायत समितियों के 119 वार्डों तथा 242 ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों सहित कुल 1,860 पदों के लिए तीन चरणों में चुनाव करवाए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन उम्मीदवारों में खासा उत्साह देखने को मिला और कुल 1,572 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला परिषद सदस्य पदों के लिए कुल 15 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। वहीं, पंचायत समिति सदस्यों के लिए कुल 131 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए।

उन्होंने बताया कि पंचायत समिति सुजानपुर के लिए 18, हमीरपुर के लिए 11, बमसन के लिए 24, भोरंज के लिए 29, बिझड़ी के लिए 22 तथा नादौन पंचायत समिति क्षेत्र के लिए 27 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।

जिला की विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए कुल 363 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। विकास खंडवार आंकड़ों के अनुसार सुजानपुर में 28, हमीरपुर में 42, बमसन में 43, भोरंज में 94, बिझड़ी में 88 और नादौन विकास खंड में 68 उम्मीदवारों ने प्रधान पद के लिए नामांकन किया है।

इसी प्रकार पंचायत उपप्रधान पद के लिए जिलेभर में कुल 316 नामांकन पत्र जमा हुए हैं। इनमें सुजानपुर और हमीरपुर विकास खंड में 30-30, बमसन में 36, भोरंज में 77, बिझड़ी में 83 और नादौन में 60 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए हैं।

पंचायत सदस्य पद के लिए सबसे अधिक नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। जिलेभर में कुल 747 उम्मीदवारों ने इस पद के लिए आवेदन किया है। विकास खंड सुजानपुर में 71, हमीरपुर में 99, बमसन में 87, भोरंज में 211, बिझड़ी में 170 तथा नादौन में 109 नामांकन पत्र जमा हुए हैं।

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि पंचायतीराज संस्थाओं के विभिन्न पदों के लिए 8 और 11 मई को भी सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद 12 मई को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया शुरू होगी।

उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 14 और 15 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। 15 मई की शाम को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न भी आवंटित कर दिए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार पंचायत चुनाव तीन चरणों में संपन्न होंगे। 26 मई को 83 पंचायतों में, 28 मई को 82 पंचायतों में तथा 30 मई को 77 पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक होगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के परिणाम मतदान वाले दिन ही घोषित कर दिए जाएंगे।

वहीं, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के मतों की गिनती 31 मई को सुबह 9 बजे से संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों में शुरू होगी।

उन्होंने बताया कि हमीरपुर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 3,63,699 है। इनमें 1,83,851 महिला मतदाता और 1,79,846 पुरुष मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में थर्ड जेंडर के 2 मतदाताओं के नाम भी दर्ज हैं।