सिरमौर जिला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रामाडोल कैप्सूल, प्रेगाबालिन कैप्सूल, नशीले कैप्सूल और हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है। वहीं नाहन थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। सभी मामलों में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोगीनंद में नशीले कैप्सूल बरामद
जिला सिरमौर की SIU टीम ने मोगीनंद क्षेत्र में गश्त और नशा विरोधी अभियान के दौरान एक आरोपी को नशीले कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमित कुमार पुत्र रणधीर सिंह निवासी डिंगरवाला, मोगीनंद लंबे समय से कालाआंब, मोगीनंद और सैनवाला क्षेत्रों में नशीले कैप्सूल और दवाइयों की सप्लाई करता है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को रोककर उसके मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के हैंडल में रखी पॉलिथीन से 40 प्रतिबंधित Tramadol कैप्सूल और 50 Pregabalin कैप्सूल बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना काला आंब में NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था।
माजरा में 90 नशीले कैप्सूल बरामद
उधर, पुलिस थाना माजरा की टीम ने भी एक कार्रवाई के दौरान 90 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 को पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर जगतपुर क्षेत्र में एक टेम्पो नंबर HP17F-7072 को जांच के लिए रोका गया।
वाहन चालक की पहचान अरशद अली निवासी जगतपुर, डाकघर माजरा, तहसील पांवटा साहिब जिला सिरमौर के रूप में हुई। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर 90 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी इन कैप्सूलों को कहां सप्लाई करने जा रहा था।
पांवटा साहिब में 11.01 ग्राम चिट्टा बरामद
जिला सिरमौर की डिटेक्शन सेल पांवटा साहिब ने एक अन्य बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 11.01 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इंदरपाल पुत्र मंगत राम निवासी वार्ड नंबर 10 देवीनगर पांवटा साहिब अपने घर से स्मैक और हेरोइन बेचने का कारोबार करता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 11.01 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस आरोपी का अदालत से पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी नशे की खेप कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
नाहन में सड़क हादसे में चार घायल
वहीं, नाहन थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार अमृत बहादुर निवासी ओलीवाला गड्डा तहसील नाहन ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपनी बोलेरो गाड़ी नंबर HP71-8451 में अपनी बुआ बिमला देवी और भतीजे कार्तिक के साथ शंभुवाला कोटड़ी की ओर जा रहा था। जब वह मालोवाला चौक के पास पहुंचे तो नाहन की तरफ से आ रहा ट्रक नंबर HP72B-1270 तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर उनकी खड़ी गाड़ी पर पलट गया। ट्रक चालक की पहचान मोहम्मद जगुप निवासी गुरेह, तहसील जगराओं जिला लुधियाना पंजाब के रूप में हुई है। हादसे में अमृत बहादुर, बिमला देवी, कार्तिक, ट्रक चालक मोहम्मद जगुप और उसके साथ बैठे सिकंदर सिंह घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।