नाहन चुनाव: भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र

rakesh nandan

15/05/2026

नगर परिषद नाहन चुनाव-2026 को लेकर भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Rajeev Bindal ने पत्रकार वार्ता के दौरान पार्टी का चुनावी विजन जनता के सामने रखा और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार पर नाहन शहर के विकास कार्यों को रोकने के आरोप भी लगाए।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में नाहन शहर में विकास कार्यों पर पूरी तरह “ताला” लग गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने न केवल नए विकास कार्य शुरू नहीं किए, बल्कि भाजपा सरकार के समय शुरू की गई कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी लटका दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान नाहन मेडिकल कॉलेज, तहसील कार्यालय, पार्किंग परियोजनाएं और कई अन्य विकास कार्य शुरू किए गए थे, लेकिन कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही इन कार्यों की रफ्तार धीमी हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कई योजनाओं को जानबूझकर रोका गया ताकि जनता को उनका लाभ न मिल सके।

डॉ. बिंदल ने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार ने कई सरकारी संस्थानों को बंद करने का काम किया है। उन्होंने स्कूलों, पटवार सर्कलों, पशु डिस्पेंसरी और उप-तहसील जैसे संस्थानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन संस्थानों के बंद होने से आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार विकास कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है, जबकि अधिकांश योजनाएं केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का स्वयं का योगदान बहुत कम दिखाई देता है।

पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा का संकल्प पत्र भी जारी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नगर परिषद नाहन को आधुनिक और विकसित शहर बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। पार्टी ने आने वाले समय में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य करवाने का वादा किया है।

उन्होंने कहा कि यदि नगर परिषद में भाजपा समर्थित उम्मीदवार जीतते हैं तो नाहन शहर में विकास का नया दौर शुरू होगा। भाजपा ने शहर के हर वार्ड में पार्किंग सुविधा विकसित करने का वादा किया है। इसके साथ ही 12 महीने स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया गया है।

भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में हर वार्ड में पार्क विकसित करने, सामुदायिक भवन और बारात घर बनाने की भी घोषणा की है। इसके अलावा फाउंड्री क्षेत्र में सुंदर पार्क और मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण का भी वादा किया गया है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि अमरपुर मोहल्ला में फाउंड्री क्वार्टर की जगह सामुदायिक भवन और बहुमंजिला पार्किंग बनाई जाएगी। इसके अलावा शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक धुआं रहित वाहन सेवा शुरू करने की योजना भी भाजपा के एजेंडे में शामिल है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने सीवरेज सिस्टम के कार्य को भी रोक रखा है। भाजपा ने वादा किया है कि सत्ता में आने पर इस परियोजना को दोबारा शुरू करवाया जाएगा। साथ ही नाहन को “चिट्टा मुक्त और ड्रग्स मुक्त शहर” बनाने का भी संकल्प लिया गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी खेल सुविधाओं को भी मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार के समय इनडोर स्टेडियम का निर्माण करवाया गया था और आने वाले समय में और खेल मैदान विकसित किए जाएंगे।

इसके अलावा कालिस्थान तालाब, रानीताल, रामकुंडी तालाब और विला राउंड जैसे ऐतिहासिक स्थलों के सौंदर्यकरण का भी वादा किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नाहन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए विकास कार्य करेगी।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार है और आने वाले समय में प्रदेश में भी भाजपा सरकार बनेगी। ऐसे में यदि नगर परिषद में भी भाजपा का नेतृत्व आता है तो विकास कार्यों को और तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि नगर परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को समर्थन देकर विकास की नई दिशा देने में सहयोग करें। भाजपा का दावा है कि उसका संकल्प पत्र नाहन शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।