सिरमौर में 11.720 किलो चूरा पोस्त बरामद, 2 गिरफ्तार

rakesh nandan

15/05/2026

सिरमौर जिला पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी, सट्टेबाजी और आगजनी के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राजगढ़, काला आंब और पांवटा साहिब क्षेत्रों में हुई इन कार्रवाइयों को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

ट्रक से 11.720 किलो चूरा पोस्त बरामद

Detection Cell Sub Division राजगढ़ की टीम क्षेत्र में गश्त और मादक पदार्थ अधिनियम के तहत गुप्त सूचनाएं एकत्र कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अजय कुमार और प्रेम सिंह ट्रक नंबर HP07F-0867 में चूरा पोस्त की खेप लेकर सोलन से गिरिपुल की तरफ जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मरयोग मुख्य सड़क पर ट्रक को रोक लिया। ट्रक चालक ने अपनी पहचान अजय कुमार पुत्र प्रेम सिंह निवासी गांव कोट ढांगर, डाकघर ठोड़ निवाड़, तहसील राजगढ़ जिला सिरमौर उम्र 40 वर्ष के रूप में बताई। वहीं कंडक्टर सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम प्रेम सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी वार्ड नंबर 2 राजगढ़, जिला सिरमौर उम्र 42 वर्ष बताया।

पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी लेने पर केबिन के नीचे बने खांचे और दोनों साइड के लॉक वाले हिस्सों से कुल 23 पॉलीथीन लिफाफे बरामद किए गए। इन लिफाफों में कुल 11.720 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में धारा 15 और 29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

काला आंब में सटोरी गिरफ्तार

उधर, पुलिस थाना काला आंब की टीम ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति को सट्टा लगवाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम 13 मई 2026 को गश्त पर थी। इसी दौरान कालाआंब से त्रिलोकपुर सड़क के दाहिनी ओर एक व्यक्ति लोगों को “10 रुपये के 90 रुपये” का लालच देकर दड़ा सट्टा लगवा रहा था। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से सट्टे की पर्चियां तथा 1150 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 13A जुआ अधिनियम के तहत थाना काला आंब में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर सट्टा खेलना और खिलवाना कानूनी अपराध है तथा ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पांवटा साहिब आगजनी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

इसी बीच पांवटा साहिब थाना क्षेत्र में कार में आग लगाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार 4 मई 2026 को रणजीत सिंह निवासी वार्ड नंबर 08 कोर्ट रोड पांवटा साहिब ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 3 और 4 मई की रात करीब दो बजे उनकी नींद शोर और धुएं की वजह से खुली। जब वह बाहर पहुंचे तो उनकी कार HPI7G-1000 आग की लपटों में घिरी हुई थी।

पीड़ित ने पड़ोसियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। बाद में घर के CCTV कैमरों की फुटेज देखने पर पता चला कि दो बाइकों पर पांच युवक आए थे और उन्होंने घर के गेट के अंदर पेट्रोल छिड़ककर कार में आग लगा दी।

मामले में पुलिस ने धारा 326(g), 324(4) और 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। Cyber Cell पांवटा साहिब और CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने 13 मई 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल पुत्र विजय कुमार निवासी भगवानपुर, तहसील जगाधरी जिला यमुनानगर हरियाणा और निखिल पुत्र सतपाल निवासी बुढिया चुंगी, जगाधरी जिला यमुनानगर हरियाणा के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों की उम्र 21 वर्ष बताई गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया है। मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।