नगर निगम मंडी के पार्षद चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम के 13 वार्डों में पार्षद चुनाव के लिए कुल 33 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह जानकारी सहायक निर्वाचन अधिकारी नगर निगम वार्ड 1 से 13 एवं एसडीएम सदर Rupindra Kaur ने दी।
उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
एसडीएम सदर रुपिंद्र कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड नंबर 11 समखेतर स्थित रा.व.मा.पा. कन्या मंडी में बनाए जाने वाले मतदान केंद्र को आदर्श मतदान केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इस आदर्श मतदान केंद्र में मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। यहां क्रेच सुविधा, फर्स्ट एड किट, ओआरएस और आशा कार्यकर्ता की विशेष व्यवस्था रहेगी, ताकि बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ आने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 1 खलियार में चार मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें केंद्रीय विद्यालय मंडी (प्राइमरी विंग), केंद्रीय विद्यालय मंडी (लैब), राजकीय प्राथमिक पाठशाला बिजन दलवाहन और राजकीय प्राथमिक पाठशाला छिपणु शामिल हैं।
वार्ड नंबर 2 पुरानी मंडी में दो मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। ये मतदान केंद्र राजकीय माध्यमिक पाठशाला पुरानी मंडी के लेफ्ट और राइट पार्ट में स्थापित होंगे। वहीं वार्ड नंबर 3 पड्डल में बीडीओ कार्यालय भ्यूली और आईटीआई मंडी में दो मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।
प्रशासन के अनुसार वार्ड नंबर 4 नेला में तीन मतदान केंद्र स्थापित होंगे। इनमें राजकीय माध्यमिक पाठशाला बिंद्रावणी, राजकीय प्राथमिक पाठशाला चड्याना और राजकीय प्राथमिक पाठशाला जरली शामिल हैं। वार्ड नंबर 5 मंगवाईं में एआरसीएस कार्यालय मंडी और उप-पंजीयक सहकारी समितियां कार्यालय मंडी में दो मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
इसी तरह वार्ड नंबर 6 सन्यारड़ में उद्योग विभाग कार्यालय मंडी तथा पर्यटन कार्यालय चड्यारा के पास दो मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। वार्ड नंबर 7 तलयाहड़ में कुल चार मतदान केंद्र होंगे। इनमें दो मतदान केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तलयाहड़ के लेफ्ट और राइट पार्ट में तथा दो मतदान केंद्र चीफ इंजीनियर कार्यालय एचपीपीडब्ल्यूडी मंडी के कमरा नंबर 101 और 114 में स्थापित किए जाएंगे।
वार्ड नंबर 8 पैलेस कॉलोनी-1 में अधीक्षण अभियंता एचपीपीडब्ल्यूडी सर्किल कार्यालय के लेफ्ट और राइट पार्ट में दो मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। वहीं वार्ड नंबर 9 पैलेस कॉलोनी-2 में कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) एचपीपीडब्ल्यूडी मंडी कार्यालय, सैनिक बोर्ड कार्यालय मंडी और राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाड़ी प्रथम तल में तीन मतदान केंद्र स्थापित होंगे।
एसडीएम सदर ने बताया कि वार्ड नंबर 10 सुहड़ा में राजकीय विजय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी के एडमिन ब्लॉक, साइंस ब्लॉक और पुराने भवन के ग्राउंड फ्लोर में मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। वार्ड नंबर 11 समखेतर में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या मंडी के लेफ्ट पार्ट, राइट पार्ट और कमरा नंबर 7 में तीन मतदान केंद्र स्थापित होंगे।
इसके अलावा वार्ड नंबर 12 भगवाहन में राजकीय प्राथमिक पाठशाला (बाल) मंडी हेरिटेज बिल्डिंग, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी के 10+2 ब्लॉक के ग्राउंड फ्लोर और जिला पुस्तकालय में तीन मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। वार्ड नंबर 13 थनेहड़ा में डाइट मंडी के लेफ्ट और राइट पार्ट में दो मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।
प्रशासन ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी तय की जा रही है।
नगर निगम मंडी चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। उम्मीदवारों द्वारा प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया गया है। वहीं प्रशासन मतदान प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी में जुटा हुआ है।